PM मोदी ने दिया 46 हजार करोड़ का J&K को तोहफा, चिनाब ब्रिज का किया उद्घाटन

कटरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में चिनाब रेलवे पुल का शुक्रवार को उद्घाटन किया जो दुनिया का सबसे ऊंचा मेहराब वाला रेलवे पुल (आर्च ब्रिज) है।

प्रधानमंत्री मोदी चिनाब रेलवे पुल पर तिरंगा लेकर चले। चिनाब पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में अंजी नदी पर बने भारत के पहले ‘केबल-स्टेड’ रेलवे पुल का उद्घाटन किया।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी चिनाब नदी पर बने विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे पुल के निकट स्थित ‘व्यू प्वाइंट’ पर पहुंचे और उन्हें इस परियोजना के बारे में जानकारी दी गई जो कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से रेल द्वारा जोड़ने के लिए अहम है।

प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों अश्विनी वैष्णव, जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ प्रतिष्ठित पुल के पास स्थापित रेलवे संग्रहालय का दौरा किया। प्रधानमंत्री ‘व्यू प्वाइंट’ तक गए और उन्हें नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इंजीनियरिंग के उत्कृष्ट नमूने के तौर पर चिनाब पुल के बारे में जानकारी दी गई।

यह पुल पेरिस स्थित एफिल टॉवर से 35 मीटर ऊंचा है। प्रधानमंत्री को संग्रहालय में इंजीनियरों और श्रमिकों के साथ बातचीत करते भी देखा गया। यह संग्रहालय रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे मेहराब वाले रेलवे पुल का हिस्सा है। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने चिनाब रेलवे पुल और अंजी नदी पर भारत के पहले ‘केबल-स्टेड’ रेलवे पुल का उद्घाटन किया।

अंजी ब्रिज देश का पहला केबल-स्टेड तकनीक पर आधारित रेलवे पुल है। यह ऐतिहासिक पुल न केवल कश्मीर घाटी को पूरे भारत से जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगा।

प्रधानमंत्री आज जम्मू-कश्मीर में 46 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। दोपहर 12 बजे पीएम मोदी कटरा से श्रीनगर के लिए शुरू होने वाली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन से जम्मू से श्रीनगर की दूरी मात्र 3 घंटे में तय की जा सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.