After Header-1

रानीपोखरी से अठूरवाला में शिफ्ट नहीं होगी शराब की दुकान

देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री और डोईवाला के विधायक श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अठूरवाला के भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि रानीपोखरी के लिए स्वीकृत शराब की दुकान अठूरवाला में शिफ्ट नहीं होगी। इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर रानीपोखरी के लिए स्वीकृत शराब की दुकान को अठूरवाला में शिफ्ट करने की अनुमति निरस्त करने को कहा है। इस पर जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग से बात कर रानीपोखरी के लिए स्वीकृत शराब की दुकान को अठूरवाला में शिफ्ट करने की अनुमति निरस्त करने के निर्देश दिए।

 भाजपा कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र से की थी मुलाकात

अठूरवाला के कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से शुक्रवार को उनके डिफेंस कालोनी स्थित आवास में मुलाकात की। उन्होंने बताया कि अठूरवाला की पूरी जनता वहां शराब की दुकान खोलने के विरोध में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि शराब की जो दुकान रानीपोखरी के लिए स्वीकृत है, उसे नगरपालिका डोईवाला के पुलिस चौकी अठूरवाला में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। इसको लेकर क्षेत्रीय जनता आंदोलन कर रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अठूरवाला में आवासीय कालोनी, एनटीआरओ, जौलीग्रांट हवाई अड्डा जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं जिससे इस स्थान पर शराब की दुकान खोलना उचित नहीं है।

उन्होंने अनुरोध किया कि अठूरवाला के लोगों की भावनाओं और क्षेत्र के सामाजिक हित में रानीपोखरी से शराब की दुकान को अठूरवाला शिफ्ट न किया जाए।प्रतिनिधिमंडल में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही क्षेत्र के कई लोग शामिल रहे। इनमें राजेंद्र सजवाण, देवेंद्र सजवाण, अनिल सिंह, मनोज नेगी और सुरेंद्र राणा आदि शामिल रहे। इसके बाद एसडीएम ने तहसीलदार को भेजकर अठूरवाला में शराब की दुकान खोलने के विरोध में चल रहे अनशन को खत्म कराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.