After Header-1

छावनी परिषद फुटबॉल मैदान में हुआ जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन

पुलिस महानिरीक्षक अभियान झारखंड रांची ने किया रामगढ़ जिले का दौरा

रामगढ़। मंगलवार को रामगढ़ शहर अंतर्गत छावनी परिषद फुटबॉल मैदान में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अभियान झारखंड रांची सह नोडल पदाधिकारी जन शिकायत समाधान कार्यक्रम झारखंड होमकर अमोल वीणुकांत ने जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। मौके पर उन्हें गार्ड और ऑनर दिया गया। इस दौरान उपायुक्त रामगढ़ चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी आशीष गंगवार, सचिव डालसा अनिल कुमार, भूमि सुधार उपसमाहर्ता दीप्ति प्रियंका कुजूर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय चंदन कुमार वत्स, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू बीरेंदर राम, अंचल अधिकारियों सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मौके पर पुलिस महानिरीक्षक ने सभी आम जनों को संबोधित करते हुए जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सभी को शुभकामनाएं दी उन्होंने कहा कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनों व पुलिस प्रशासन के बीच की दूरियों को कम करना एवं लोगों में अपनी समस्याओं को लेकर थाना जाने में किसी भी प्रकार का डर अथवा भय ना हो यह विश्वास जागना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आप सभी का योगदान भी बहुत जरूरी है आप सभी अपनी किसी भी तरह की समस्या कार्यक्रम के दौरान संबंधित थाना अथवा प्रशासन के स्टॉल पर दे। जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के तहत जो भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं उन्हें पंजीकृत किया जा रहा है वही समस्याओं का तत्काल समाधान अथवा यथा संभव जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने में आवेदनों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है। मौके पर उन्होंने उपस्थित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने, पुलिस कार्य प्रणाली में बदलाव लाने को लेकर कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए वहीं उन्होंने उपस्थित सभी को जीरो एफआईआर, सरकार की विभिन्न सेवाओं 112, 1930 साइबर हेल्पलाइन, नशे के व्यापार पर रोक, सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से अपराध में कमी आदि को लेकर सभी को जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने सभी का स्वागत करते हुए जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत आपके द्वारा जो भी समस्याएं बताई जा रही है व आवेदन दिए जा रहे हैं उन सभी का पंजीकरण कर एक्नॉलेजमेंट नंबर जनरेट किया जा रहा है। जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आप सभी की समस्याओं को अंतिम रूप से समाधान करना है। मौके पर उन्होंने उपस्थित आमजनों से जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का पूरा लाभ लेने व अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

जन शिकायत समाधान कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ जिला अंतर्गत सभी थाना, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आदि के द्वारा स्टॉल लगाकर आम जनों से आवेदन प्राप्त किए गए एवं उनका पंजीकरण किया गया। मौके पर पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के साथ स्टालों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों को यथासंभव ऑन द स्पॉट निष्पादित करने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक के द्वारा उपस्थित आम जनों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया एवं समस्याओं के निराकरण को लेकर निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के तहत कुल 184 आवेदन प्राप्त किए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.