कांवड़ यात्रा से पहले सुसज्जित होंगी उत्तराखंड की सड़कें, लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

 जिलाधिकारी ने परखी कांवड़ यात्रा की तैयारियां, दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्वर्ण जयंती सभागार नगर निगम ऋषिकेश में कांवड़ यात्रा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने यात्रा की तैयारियां परखने के साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत अधिकारियों के साथ आईडीपीएल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं बनाने को कहा।

जिलाधिकारी सोनिका ने नगर निगम को सफाई व्यवस्था, पार्किंग स्थल चिन्हित कर मोबाइल शौचालय स्थापित करने व नगर निगम क्षेत्र में झाड़ी कटान के निर्देश दिए। वन विभाग को यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था एवं जंगली जानवरों से सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य टीम बैठाने, दवा की व्यवस्था करने, एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए।

घाटों की सफाई के साथ चेन व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

जल संस्थान को पेयजल आपूर्ति तथा शौचालयों में पर्याप्त जल की व्यवस्था करने के साथ विद्युत विभाग को पर्याप्त विद्युत व्यवस्था व लोक निर्माण विभाग को सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, पैच वर्क, पुलों की मरम्मत करने एवं परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग व ओवर रेटिंग पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को घाटों की सफाई के साथ चेन व चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी से कहा कि दुकानों-रेस्टोरेंटों पर खाने की गुणवत्ता की जांच के साथ रेट लिस्ट चस्पा हो।

चाक-चौबंद होगी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखें। चौराहाें एवं सड़कों को सुसज्जित रखने के साथ साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लोकजीत सिंह, जिलाधिकारी ऋषिकेश कुमकुम जोशी एवं व्यापार मंडल ऋषिकेश के सदस्य आदि उपस्थित थे।

पार्किंग एवं हेल्थ सेंटर बनाने के साथ विद्युत व प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश

आईडीपीएल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईडीपीएल में पार्किंग एवं हेल्थ सेंटर बनाने के साथ समुचित कावड़ यात्रा स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आईडीपीएल में विद्युत व प्रकाश व्यवस्था बनाने के साथ जिला पंचायत को झाड़ी कटान के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.