After Header-1

अमित शाह ने असम, UP और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से बाढ़ की स्थित पर की बात

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को असम, उत्तर प्रदेश और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से बात कर तीनों राज्यों में बाढ़ और भारी बारिश के कारण उपजी स्थिति का जायजा लिया तथा उन्हें केंद्र से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिश्व सरमा शर्मा से टेलीफोन पर बातचीत में शाह ने राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

सरमा ने शाह को मौजूदा स्थिति और अब तक उठाए गए कदमों से अवगत कराया। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर हुई बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री ने दोनों राज्यों में भारी बारिश के बाद नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण उपजी स्थिति का जायजा लिया। सूत्रों के अनुसार, शाह ने तीनों मुख्यमंत्रियों को स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया।

असम में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 109 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य के कछार, चिरांग, दरांग, धेमाजी, धुबरी, डिब्रूगढ़, गोलपाड़ा, गोलाघाट, जोरहाट, कामरूप, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, करीमगंज, माजुली, मोरीगांव, नागांव, नलबाड़ी और शिवसागर जिलों में 5,97,600 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में लगभग 1,500 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और बारिश से संबंधित घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.