मंत्री के आश्रम की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

हरिद्वार। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के प्रेमनगर आश्रम की फर्जी वेबसाइट बनाकर बुकिंग के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर ठगों को ज्वालापुर कोतवाली की पुलिस राजस्थान से दबोच लाई है। उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में कई बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच में जुट गई है।

सीओ ज्वालापुर शांतनपुर पाराशर ने बताया कि पिछले दिनों प्रेमनगर आश्रम की फर्जी वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया था। आश्रम के प्रबंधक पवन कुमार ने ज्वालापुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि प्रेमनगर आश्रम की वेबसाइट से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से लाखों रुपये की ठगी की गई है। मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक नरेश गंगवार को सौंपी गई। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी रमेश तनवार के नेतृत्व में एक टीम ने साइबर सेल मदद से आरोपितों की कुंडली खंगाली। अहम सुराग मिलने पर टीम ने राजस्थान जाकर अलग-अलग जगहों पर दबिशें दी। राजस्थान से दीपक प्रजापति निवासी थाना सुजानगढ़ जिला चुरु, राजस्थान और साकिर खान निवासी धर्मशाला थाना कैथवाड़ा जिला डींग राजस्थान हाल मोहल्ला ठाटर कॉलोनी थाना आमेर जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के अलगावा कुछ बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.