After Header-1

हरियाणा सरकार ने दिल्ली तक पानी पहुंचाने वाले बैराज के सभी फाटक किए बंद, अनिश्चितकालीन अनशन रहेगा जारी: आतिशी

नई दिल्ली। दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने रविवार को कहा कि हरियाणा सरकार ने हथिनीकुंड बैराज के सभी फाटक बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर अपना अनिश्चितकालीन अनशन जारी रखेंगी। दिल्ली के लिए पानी छोड़ने में इसी बैराज का उपयोग किया जाता है।

राष्ट्रीय राजधानी घोर जल संकट का सामना कर रही है और दिल्ली को जल मुहैया कराए जाने की मांग को लेकर आतिशी अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं। उनका अनशन तीसरे दिन, रविवार को भी जारी है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा कर अपने संदेश में कहा, ‘‘दिल्ली के हिस्से के पानी के लिए मैं भूख हड़ताल पर हूं।

हरियाणा सरकार 100 एमजीडी पानी कम छोड़ रही है, जिससे दिल्ली के करीब 28 लाख लोग पानी से वंचित हैं। कुछ पत्रकारों ने बताया है कि हथिनीकुंड बैराज पानी से भरा हुआ है लेकिन हरियाणा सरकार ने उस पानी को राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंचने से रोकने के लिए सभी फाटक बंद कर दिए हैं।’’
मंत्री ने हरियाणा सरकार से दिल्ली के लिए पानी छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक दिल्ली को पानी का उसका वाजिब हिस्सा नहीं मिल जाता, मेरी भूख हड़ताल जारी रहेगी।’’ दिल्ली पेयजल के लिए उत्तर प्रदेश और हरियाणा पर निर्भर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.