After Header-1

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत “एडल्ट बीसीजी टीकाकरण” अभियान को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुआ बैठक का आयोजन

रामगढ़। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत देश को 2025 तक टीबी मुक्त बनाने तथा इसके लिए 1 जुलाई से शुरू होने वाले एडल्ट बीसीजी टीकाकरण अभियान को लेकर गुरुवार को उपायुक्त, रामगढ़ चंदन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान सर्वप्रथम सिविल सर्जन डॉक्टर महालक्ष्मी प्रसाद एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ स्वराज के द्वारा उपायुक्त, उप विकास आयुक्त सहित बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों विभिन्न एजेंसियो के प्रतिनिधियों आदि को टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 1 जुलाई से शुरू होने वाले एडल्ट बीसीजी टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस दौरान उनके द्वारा बताया गया की देश को 2025 तक टीवी मुक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा बृहद रूप से टीबी मरीजों की पहचान करने एवं उन्हें टीबी रोग से बचाने हेतु एडल्ट बीसीजी टीका दिया जाना है इसके लिए 7 जून 2024 से 20 जून 2024 तक जिले के अलग-अलग संभावित क्षेत्र जहां वर्तमान में टीबी मरीज इलाजरत हैं अथवा उन क्षेत्रों जहां लोगों के टीबी रोग से पीड़ित होने की संभावना है को चिन्हित कर बृहद रूप से सर्वे किया जाना है। सर्वे के उपरांत चिन्हित व्यक्तियों को 1 जुलाई से बीसीजी का टीका दिया जाएगा।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में टीबी का इलाज संभव है वहीं सदर अस्पताल सहित अन्य सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में निशुल्क रूप से दवाईयां भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद जागरूकता के अभाव में कुछ लोग टीबी का रोग झेल रहे हैं। मौके पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को 7 जून से 20 जून तक टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत किए जाने वाले सर्वे में अपना योगदान देते हुए गंभीरता पूर्वक कार्यों की निगरानी करने तथा सफलतापूर्वक सर्व संपन्न कर 18 वर्ष से अधिक आयु के वैसे सभी व्यक्ति जिन्हें टीबी होने की संभावना हो अथवा उनमें किसी प्रकार का कोई लक्षण दिखाई दे चिन्हित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने 1 जुलाई 2024 से शुरू होने वाले एडल्ट बीसीजी टीकाकरण अभियान के तहत व्यापक जन जागरूकता फैलाने तथा लोगों के बीच किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करते हुए चिन्हित किए गए लोगों का बीसीजी टीकाकरण सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

सफलतापूर्वक एडल्ट बीसीजी टीकाकरण अभियान संपन्न करने को लेकर उपायुक्त ने डीआरसीएचओ डॉ मृत्युंजय कुमार सिंह को टिकों के रखरखाव हेतु कोल्ड चैन की व्यवस्था सुदृढ़ रखने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।

गौरतलब होकि 1 जुलाई से शुरू होने वाले एडल्ट बीसीजी टीकाकरण अभियान के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, तंबाकू पदार्थ का प्रयोग करने वाले व्यक्ति, 1 जनवरी 2021 के उपरांत टीबी मरीजों के संपर्क में आने वाले व्यक्तियों, मधुमेह रोग से पीड़ित व्यक्तियों वैसे व्यक्तियों जिनका बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) 18 से कम हो, वैसे व्यक्ति जिन्होंने विगत 5 वर्षों में अपना टीबी का इलाज कराया हो तथा वर्तमान में स्वस्थ हो उन्हें बीसीजी का टीका उपलब्ध कराया जाएगा। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, कार्यवाहक उपाधीक्षक सदर अस्पताल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, जिला मलेरिया पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, विभिन्न एजेंसियों के प्रतिनिधियों, पिरामल स्वास्थ्य के प्रतिनिधियों सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.