After Header-1

कांग्रेस में शामिल हुए ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग

नई दिल्ली। ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग ने घर वापसी करते हुए बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान गमांग के साथ उनकी पत्नी और पूर्व सांसद हेमा गमांग, बेटे शिशिर गमांग और बरगढ़ के पूर्व सांसद संजय भोई ने भी कांग्रेस में वापसी की है।

इन सभी नेताओं को कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान ओडिशा कांग्रेस के प्रभारी डॉ अजय कुमार व कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने सभी नेताओं को पार्टी में शामिल कराया। इन नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए माकन ने कहा कि हमें खुशी है कि आज कांग्रेस पार्टी के परिवार में गिरिधर गमांग, हेमा गमांग , संजय भोई और शिशिर गमांग फिर से शामिल हो रहे हैं। इन नेताओं का ओडिशा के विकास में काफी योगदान रहा है। कांग्रेस में इनकी वापसी से पार्टी की विचारधारा को मजबूती और बल मिलेगा। कांग्रेस पार्टी की तरफ से हम इन सभी का स्वागत करते हैं।

गिरिधर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि देश में कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो सिद्धांतवादी राजनीति करती है। कांग्रेस ने उन्हें 11 बार टिकट दिया, जो कोई पार्टी नहीं कर सकती है। वह दूसरे दल में रहे लेकिन सम्मान केवल कांग्रेस ही दे सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो कदम उठाया है, वह राजनीतिक नहीं बल्कि संवैधानिक है। हम सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की लड़ाई लड़ते रहेंगे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.