महिला आरक्षण जैसे कानून बनाने के लिए पूर्ण बहुमत की सरकार जरूरी: मोदी

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi ) ने नारीशक्ति वंदन अधिनियम ( Women Power Salute Act) को उभरते भारत की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का प्रतीक करार दिया है और चेताया है कि देश को आगे ले जाने के लिए ऐसे निर्णायक कानून बनाने में सक्षम पूर्ण बहुमत वाली मजबूत सरकार बहुत आवश्यक है।

मोदी ने आज सुबह यहां भाजपा मुख्यालय में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा (BJP Women’s Front) के अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यी बात कही। मोदी के सुबह भाजपा मुख्यालय में पहुंचने पर बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने  मोदी का फूल बरसा कर भव्य स्वागत किया।

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनती श्रीनिवासन ने प्रधानमंत्री की अगवानी की। पार्टी मुख्यालय में केन्द्रीय मंत्रिमंडल की सभी महिला मंत्री और पार्टी की सभी महिला सांसद भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं ने मोदी को एक बड़ी सी माला पहना कर उनका अभिनंदन किया। मंच पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थीं।

प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन-अभिनंदन कार्यक्रम में उपस्थित महिला वृंद को संबोधित करते महिला आरक्षण विधेयक के सर्वसम्मति से पारित होने को एक ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि यह देश के लिए एक विशेष क्षण, भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक विशेष दिन है।

उन्होंने कहा, मैं आज देश की हर माता को, बहन को, बेटी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। कल और परसो हम सबने एक नया इतिहास बनते देखा है और हम सबका सौभाग्य है कि ये इतिहास बनाने का अवसर कोटि-कोटि जनों ने हमें दिया है। आने वाली अनेकों पीढ़ियों तक इस निर्णय और इस दिवस की चर्चा होगी। मैं पूरे देश को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ संसद के दोनों सदनों में भारी बहुमत से पारित होने की बहुत बहुत बधाई देता हूं।

कभी-कभी किसी निर्णय में देश के भाग्य को बदलने की क्षमता होती है। आज हम सभी ऐसे ही एक निर्णय के साक्षी बने हैं। संसद के दोनों सदनों द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ रिकॉर्ड मतों से पारित किया जा चुका है। जिस बात का देश को पिछले कई दशकों से इंतजार था, वो सपना अब सच हुआ है। आज हर नारी का आत्मविश्वास आसमान छू रहा है। पूरे देश की माताएं, बहनें और बेटियां आज खुशी मना रही हैं, हम सबको आशीर्वाद दे रही हैं।

कोटि-कोटि माताओं, बहनों के सपने को पूरा करने का सौभाग्य हमारी भाजपा सरकार को मिला है। इसलिए राष्ट्र को सर्वप्रथम मानने वाली पार्टी के रूप में, भाजपा कार्यकर्ता के रूप में, एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में ये हमारे लिए गर्व का विषय है।

मोदी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम कोई सामान्य कानून नहीं है। ये नए भारत की नई लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का उद्घोष है। ये अमृतकाल में सबका प्रयास से विकसित भारत के निर्माण की तरफ बढ़ा कदम है। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी के लिए, इस कानून के लिए तीन दशक से प्रयास कर रही थी। ये हमारी प्रतिबद्धता थी। इसे हमने पूरा करके दिखाया है।

उन्होंने कहा कि यह कानून उभरते भारत की नवीकृत लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के एक नए युग की शुरुआत करने की उनकी प्रतिबद्धता का एक ठोस प्रमाण है, जिसका लक्ष्य महिलाओं के जीवन स्तर और जीवन की समग्र गुणवत्ता को बढ़ाना है।

भारत को विकसित बनाने के लिए, आज भारत नारी शक्ति को खुला आसमान दे रहा है। आज देश, माताओं-बहनों-बेटियों के सामने आने वाली हर अड़चन को दूर कर रहा है। बीते नौ वर्षों में हमने माताओं-बहनों से जुड़ी हर बंदिश को तोड़ने का प्रयास किया है। हमारी सरकार ने एक के बाद एक ऐसी योजनाएं बनाई, ऐसे कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिससे हमारी बहनों को सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि का जीवन मिले।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अपनी सरकार द्वारा की गई विभिन्न पहलों पर प्रकाश डालते हुए  मोदी ने कहा,  हमारी सरकार ने हमारी बहनों के जीवन को बेहतर बनाने, उन्हें सम्मान, सुविधा, सुरक्षा और समृद्धि प्रदान करने के लिए लगातार योजनाएं शुरू की हैं और कार्यक्रम शुरू किए हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि गर्भवती महिलाओं को लाभ मिले। हमने पौष्टिक भोजन के लिए मातृ वंदना योजना शुरू की, महिलाओं के बैंक खातों में सीधे धनराशि जमा की।

अपनी बेटियों की शिक्षा का समर्थन करने के लिए, हमने सुकन्या समृद्धि योजना में ब्याज दर बढ़ा दी है। हमने खाना पकाने की कठिनाई को खत्म करने के लिए उज्ज्वला गैस कनेक्शन प्रदान किए। साथ ही, पानी लाने के बोझ को कम करने के लिए, हमने हर घर में पाइप से पानी पहुंचाने की योजना शुरू की।

हमारी बेटियों को अंधेरे में न रहना पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए हमने सौभाग्य योजना के माध्यम से मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया। हमने उन्हें आयुष्मान भारत के माध्यम से 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज भी प्रदान किया। घर की संपत्ति पर बेटियों का अधिकार हो, इसके लिए हमने पीएम आवास योजना के घर उनके नाम किए हैं। इस साल, लाल किले से, मैंने देश में 2 करोड़ लखपति दीदी बनाने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ड्रोन प्रदान करने की योजना की भी घोषणा की है 

मोदी ने यह भी याद दिलाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का संसद दोनों सदनों से पारित होना, इस बात का भी साक्षी है कि जब पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार होती है, तो देश कैसे बड़े फैसले लेता है, बड़े पड़ावों को पार करता है। पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार है तो ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक सच्चाई बन गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.