After Header-1

सेमीफाइनल में रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी

योसु। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को जापान के युगो कोबायाशी और ताकुरो होकी को हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
सात्विक-चिराग ने अपने जापानी प्रतिद्वंदियों को 21-14, 21-17 से हराने के लिए सिर्फ 40 मिनट का समय लिया। सेमीफाइनल में विश्व नंबर तीन भारतीय जोड़ी विश्व नंबर दो चीन के लियांग वेंग किंग और वांग चैंग से भिड़ेगी।
यह कोबायाशी और होकी के विरुद्ध सात्विक-चिराग की तीसरी जीत थी जिसके लिए उन्हें ज़रा भी मशक्कत नहीं करनी पड़ी। इस मुकाबले का मुख्य आकर्षण सात्विक का आक्रामक रवैया रहा जिन्होंने एक बार फिर 500 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से स्मैश मारा।
पहले गेम में स्कोर जब 5-5 पर बराबर था तब भारतीय युगल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली। जापान ने ब्रेक के बाद वापसी करनी चाही लेकिन सात्विक के स्मैश की मदद से भारतीय जोड़ी ने पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में जापानी युगल ने बेहतर अनुशासन दिखाया, हालांकि भारतीय जोड़ी 11-9 की बढ़त बनाने में कामयाब रही। सात्विक-चिराग जब 14-9 से आगे थे तब कोबायाशी-होकी ने संघर्ष करते हुए स्कोर 16-16 पर बराबर कर लिया। भारतीय युगल ने इसके बाद अपने जापानी प्रतिद्वंदियों को सिर्फ दो अंक लेने दिए और सीधे सेटों में मुकाबला जीत लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.