After Header-1

कमर की सर्जरी नहीं करवायेंगे श्रेयस अय्यर

नयी दिल्ली। भारतीय मध्यक्रम के बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर ने इस साल घरेलू सरजमीन पर होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को ध्यान में रखते हुए फिलहाल के लिये अपनी कमर की सर्जरी करवाने से इंकार कर दिया है। क्रिकबज की ओर से गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, अय्यर ने निर्णय लिया है कि वह आपरेशन करने के बजाय बेंगलुरु की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब में समय बितायेंगे।

गौरतलब है कि अय्यर को कमर में खिचाव के कारण न्यूजीलैंड के विरुद्ध जनवरी में खेली गयी एकदिवसीय शृंखला से बाहर रहना पड़ा था। वह आस्ट्रेलिया और भारत के बीच दूसरे टेस्ट के लिये फरवरी में टीम में वापस आये, लेकिन चौथे टेस्ट में वह दोबारा चोटग्रस्त होने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके।

अय्यर इस समस्या के कारण आईपीएल के शुरुआती मैचों में नहीं खेल सकेंगे और सर्जरी करवाने पर वह करीब छह महीने तक भी क्रिकेट से दूर रह सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार एनसीए ने अय्यर को सर्जरी करवाने की सलाह दी है लेकिन अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप में भारत के अभियान का हिस्सा बनने के इच्छुक अय्यर ने फिलहाल इसके बिना फिटनेस बरकरार रखने की कोशिश कर रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि मुंबई के रीढ़ विशेषज्ञ अभय नेने ने अय्यर को 10 दिनों के लिये आराम करने के लिये कहा था। विशेषज्ञ की सलाह के बाद फिलहाल वह मुंबई में अपने घर पर हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.