After Header-1

बेंगलुरु-मैसुरु राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे पीएम

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज कर्नाटक में 10 लेन के बेंगलुरु-मैसुरु राजमार्ग का उद्घाटन करेंगे। राज्य में दो महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं और यह इस साल राज्य की उनकी छठी यात्रा है।

प्रधानमंत्री मांड्या और हुबली-धारवाड़ में 16,000 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मोदी दोपहर में मांड्या में प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्धाटन और शिलान्यास करेंगे। बयान के मुताबिक, इसके बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे वह हुबली-धारवाड़ में विभिन्न विकास पहलों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

बयान में कहा गया है कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के विकास की तीव्र गति देश भर में विश्व स्तरीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का प्रमाण है।
उसमें कहा गया है कि इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु-मैसूरू एक्सप्रेसवे को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इस परियोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग-275 के बेंगलुरु-निदाघट्टा-मैसूरु खंड को छह लेन का बनाना शामिल है। 118 किलोमीटर लंबी इस परियोजना को लगभग 8,480 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित किया गया है।

बयान में कहा गया है कि इससे बेंगलुरु और मैसूरु के बीच यात्रा का समय लगभग तीन घंटे से घटकर करीब 75 मिनट हो जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के एक ट्वीट को भी टैग किया जिसमें कहा गया है कि बेंगलुरु-मैसूरू एक्सप्रेसवे के निर्माण से चार रेल ओवरब्रिज, नौ महत्वपूर्ण पुल, 40 छोटे पुल और 89 अंडरपास और ओवरपास का विकास होगा। प्रधानमंत्री मोदी मैसूरु-कुशलनगर के बीच चार लेन के राजमार्ग की आधारशिला भी रखेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.