नयी दिल्ली। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू परिस्थितियों में होने वाली टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद लगायी है।
मांजरेकर ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम गेम प्लैन पर कहा,‘‘ हम बड़े सितारों के बारे में जानते हैं लेकिन मैं सिराज की टेस्ट गेंदबाजी देखने के लिये उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट की उनके सभी अच्छे प्रदर्शन विदेशी, मददगार परिस्थितियों में आये हैं। नयी और पुरानी गेंद से उनका कौशल शानदार है।
क्या वह अपनी छाप छोड़ सकेंगे क्योंकि अगर वह मोहम्मद शमी के साथ अच्छा प्रदर्शन कर सकेंगे तो स्पिनरों के लिये अच्छा मंच तैयार हो जायेगा।उल्लेखनीय है कि मोहम्मद सिराज ने पिछले दो साल में 20 एकदिवसीय मैच खेलकर 38 विकेट लिये हैं।
साल 2023 में सिराज और भी ज्यादा घातक नजर आये हैं, जहां वह सिर्फ पांच मैचों में 10.6 की औसत से 14 विकेट चटका चुके हैं। भारत ने जब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 में मेजबान आस्ट्रेलिया का सामना किया था, तब सिराज तीन मैचों में 13 विकेट लेकर भारत की जीत के नायक रहे थे।
मांजरेकर को उम्मीद है कि सिराज घरेलू परिस्थितियों में भी वही प्रदर्शन दोहरा सकेंगे। भारत-आस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की शृंखला की शुरुआत नौ फरवरी को नागपुर में होगी। इसके बाद के तीन टेस्ट क्रमश: दिल्ली, धर्मशाला और अहमदाबाद में खेले जायेंगे। भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिये यह सीरीज जीतना आवश्यक है।