जिम्मेदारी से निभानी होगी पदाधिकारी को अपनी भूमिका : खड़गे

नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कहा कि पार्टी के हर पदाधिकारी और नेता को जिम्मेदारी के साथ जनसेवा की अपनी भूमिका निभाकर मोदी सरकार से त्रस्त हर व्यक्ति के साथ खड़ा होना पड़ेगा और सेवाभाव के इसी समर्पण के बल पर पार्टी को सत्ता में लाया जा सकेगा।

खड़गे ने यहां कांग्रेस संचालन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ साथी यदि मानते हैं कि जिम्मेदारियों को नजरअंदाज किया जा सकता है तो यह उनकी भूल होगी और इससे मंजूर नहीं किया जा सकता है।

पदाधिकारी अगर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं है तो उनकी जगह पार्टी के नए नेताओं को मौका देना पड़ेगा। इस कठिन इरादे के साथ चलकर ही कांग्रेस को सत्ता में लाया जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के बाद पार्टी की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कार्यसमिति के स्थान पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के लिए संचालन समिति का गठन किया गया था और अब कांग्रेस के अधिवेशन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव के बाद समिति की यह पहली बैठक हुई जिसमें पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और संचालन समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में कांग्रेस अधिवेशन की तिथि को लेकर भी विचार विमर्श किया जाना है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के समक्ष कई चुनौतियां पैदा कर दी है और इन चुनौतियों के कारण आम आदमी के समक्ष कई तरह के संकट पैदा हो गए हैं। पार्टी के पदाधिकारियों को लोगों की इन समस्याओं को जिम्मेदारी के साथ सुनना, समझना और उनके निराकरण के लिए प्रयास करना है।

कांग्रेस नेता ने कहा, सत्ताधारी ताकतें वर्तमान माहौल में नफरत के बीज बोकर बंटवारे की खेती काटने में लगी हैं और उसके खिलाफ कांग्रेस के हर नेता और पदाधिकारी को मिलकर लड़ना है। यह हम सब का कर्तव्य है और राष्ट्रधर्म भी यही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.