After Header-1

रूसी लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त ,13 लोगों की मौत

येयस्क (रूस)। रूस के दक्षिणी शहर येयस्क में रूसी लड़ाकू-बमवर्षक विमान के सोमवार को नौ मंजिली इमारत से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन बच्चों सहित कम से कम 13 लोगों की मौत हो गयी और 19 अन्य घायल हो गये।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रूसी बमवर्षक विमान एसयू-34 दो इंजनों वाला सुपरसोनिक बमवर्षक विमान है। इसका उपयोग परमाणु हथियार के हमले भी किया जा सकता है। यह तेज गति से लंबी दूरी तय कर हमला करने में सक्षम है।

इसीलिए इस विमान में सामान्य लड़ाकू विमानों से काफी ज्यादा ईंधन भरा जाता है। इसे रूसी वायुसेना के सर्वोत्कृष्ट विमानों में से एक माना जाता है। यूक्रेन युद्ध के दौरान युद्ध मैदान से दूर रूसी लड़ाकू विमानों की दुर्घटना की यह दसवीं घटना है।

एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान एसयू-34 जेट के दो पायलट विमान के इमारत से टकराने से पहले पैराशूट से सुरक्षित बाहर निकल गए। विमान में आग लग जाने के बाद भारी तबाही हुयी। रूस के आपात मंत्रालय ने कहा कि बचावकर्मियों ने इसके पहले कहा था कि इस हादसे में दो लोगों की मौत हुयी है और कई घायल है।

लेकिन और तलाशी लिये जाने के बाद उन्होंने इस हादसे में कम से कम 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि नौ मंजिला ब्लॉक में लगी आग से 68 लोगों को बचा लिया गया है। कल शाम हुए हादसे में घायल 19 लोगों का इलाज चल रहा है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा, ‘‘विमान से उतरे पायलटों की एक रिपोर्ट के अनुसार, उड़ान भरने के दौरान विमान के एक इंजन में आग लगने से यह हादसा हुआ। जब विमान नीचे आया, उसी समय वह एक इमारत से टकराया और ईंधन की आपूर्ति वाले हिस्से में आग लग गई।

वीडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से स्थानीय निवासियों को पायलटों में से एक की मदद करने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। एक पायलट को पैराशूट के साथ जमीन पर लेटे हुए देखा जा सकता है। येयस्क का बंदरगाह शहर पूर्वी यूक्रेनी युद्ध क्षेत्र के पास, आजोव सागर के पार, तबाह शहर मारियुपोल से स्थित है।

इसका उपयोग रूस के नौसैनिक उड्डयन के लिए एक प्रमुख प्रशिक्षण मैदान के रूप में किया गया है। रूसी मीडिया ने बताया कि दुर्घटनास्थल से निकाले गए 360 से अधिक लोगों में पास के एक माध्यमिक विद्यालय के छात्र भी शामिल थे।

येयस्क में एक स्थानीय संवाददाता ने रूस के सरकारी टीवी चैनल रोसिया 24 को बताया कि इमारत के दो ब्लॉक में आग लग गई। क्रेमलिन ने राष्ट्रीय और क्षेत्रीय अधिकारियों को आग के पीड़ितों को ‘‘सभी आवश्यक सहायता’’ प्रदान करने का आदेश दिया है। रूस की जांच समिति ने कहा कि एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है और जांचकर्ताओं को घटनास्थल पर भेजा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.