After Header-1

अहमदाबाद से मुंबई पांच घंटे 20 मिनट में पहुंची वंदे भारत

मुंबई। आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ने अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल तक का 509 किलोमीटर का सफर रिकॉर्ड 05 घंटे 20 मिनट में तय किया।

गुजरात की राजधानी गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली इस गाड़ी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पर एक समारोह में हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और कालूपुर स्थित अहमदाबाद स्टेशन तक यात्रा भी की।

प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी थे। मोदी ने स्टेशन पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत लगे हथकरघा एवं हस्तशिल्प स्टाल पर महिला उद्यमी से बात की।

इसके बाद रेल मंत्री प्रधानमंत्री को वंदे भारत एक्सप्रेस के ड्राइवर केबिन में लेकर गये और ट्रेन के संचालन संबंधी जानकारी दी।  मोदी ने गाड़ी के कोच में सीटिंग की व्यवस्था के बारे में पूछताछ की। रेल मंत्री ने वंदे भारत एक्सप्रेस में पहली बार इस्तेमाल हो रहे एयर सस्पेंशन को भी दिखाया।

इसके बाद श्री मोदी, श्री वैष्णव एवं अन्य मेहमानों ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह ट्रेन कुछ दूर चल कर रुकी और फिर प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं अन्य महत्वपूर्ण अतिथि गाड़ी में सवार होकर अहमदाबाद स्टेशन तक गये। यह पहला मौका है जब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नये भारत की नयी पहचान के रूप में ख्याति प्राप्त करने वाली इस ट्रेन में यात्रा का अनुभव हासिल किया।

यात्रा के दौरान श्री मोदी बहुत उत्साहित एवं प्रसन्नचित्त नजर आये। इससे पहले उन्होंने पहली वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन 15 फरवरी 19 को किया था। लेकिन उसमें सवार होकर एक स्टेशन से दूसरे स्थान पर वह इससे पहले कभी नहीं गये हैं।

अहमदाबाद से यह ट्रेन दोपहर दो बज कर सात मिनट पर मुंबई के लिए रवाना हुई। वडोदरा और सूरत रुकते हुए यह गाड़ी करीब सात बजकर 27 मिनट पर मुंबई सेंट्रल पहुंच गई। इस तरह से अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल की दूरी 05 घंटे 20 मिनट में तय हुई। गाड़ी में आरक्षण भी खोल दिया गया था।

इसलिए काफी संख्या में यात्रियों ने भी इस यात्रा का आनंद उठाया। समय सारणी के अनुसार एक अक्टूबर से सामान्य यात्रियों के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 519 किलोमीटर का यह सफर करीब साढ़े छह घंटे में तय करेगी।

रेल मंत्रालय की आधिकारिक जानकारी के अनुसार रविवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन चलने वाली यह 20901 डाउन गाड़ी मुंबई सेंट्रल स्टेशन से सुबह छह बज कर 10 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन 8:50 बजे सूरत पहुंचेगी और 8:53 बजे रवाना हो कर 10,20 बजे वडोदरा पहुंचेगी।

पांच मिनट के ठहराव के बाद 10:25 बजे रवाना हो कर 11.35 बजे अहमदाबाद और 11.40 बजे रवाना हो कर 12.30 बजे गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में 20902 अप गाड़ी गांधीनगर कैपिटल से दोपहर में 02.05 बजे रवाना हो कर 02.45 बजे अहमदाबाद, पांच मिनट के ठहराव के बाद 04 बजे वडोदरा और फिर 05 मिनट के ठहराव के बाद शाम 5.40 बजे सूरत पहुंचेगी।

सूरत से 5.43 बजे रवाना हो कर रात 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। इस प्रकार से यह गाड़ी डाउन दिशा में 06 घंटे 20 मिनट और अप दिशा में 06 घंटे 30 मिनट का समय लेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.