अलग-अलग घटनाओं में चार की मौत

हल्द्वानी । अलग-अलग घटनाओं में गंभीर चार लोगों की अस्पताल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ निवासी रोहित डोभाल (29) पुत्र गोपाल सिंह बीते दिवस कार में सवार होकर हल्द्वानी आ रहा था। बताया जाता है कि नानकमत्ता में अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। जिससे रोहित घायल हो गया।

उसे उपचार के लिए डा. सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में बाजार से घर लौट रहे शेर सिंह (22) पुत्र बिशन सिंह निवासी हरिपुर नायक की बाइक में भी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए एसटीएच भर्ती कराया गया। जहां उसने भी दम तोड़ दिया।

इधर कालाढूंगी में मवेशियों को चुगाने जंगल गए जगत सिंह (52) पुत्र विजय सिंह निवासी कमोला पर भैंस ने हमला बोल दिया। जिसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एसटीएच लाया गया। जहां उसकी भी मौत हो गई।

इधर चोरगलिया में नहर से पानी भर रही किशोरी को सांप ने डंस लिया। बताया जाता है कि चोरगलिया निवासी टीना (16) पुत्री नरसिंह बर्गली मंगलवार प्रात: नहर से पानी भर रही थी। इस बीच उसे सांप ने डंस लिया।

उसे परिजन डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गये। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.