After Header-1

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव के बयान पर उबाल, डिग्रियों की प्रतियां जलाई

अल्मोड़ा। अग्निपथ योजना पर देश में मचे हंगामे के बीच भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान से युवाओं को रोष थमने का नाम नहीं ले रहा है। बयान से उखड़े युवाओं ने चौघानपाटा में विरोध प्रदर्शन किया और डिग्री व मार्कशीट की प्रतियां जलाई।

इस दौरान युवाओं ने कहा कि सरकार की गलत नीति के चलते आज देशभर के युवा सड़कों पर हैं, लेकिन युवाओं की मांगों को सुनने के बजाय भाजपा के नेता अनाप-सनाप बयानबाजी कर रहे है। युवाओं ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का बयान सेना का अपमान है।

कहा कि पिछले दो साल से सेना भर्ती की लिखित परीक्षा नहीं कराई गई है, जिससे बेरोजगार युवा अवसाद की ओर जा रहे है। वहीं, दूसरी ओर से सेना भर्ती में नई स्कीम के तहत चार साल की नीति लाकर युवाओं के हितों पर कुठाराघात कर रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार युवाओं की मांगों को अनसुना कर रही है। जिसका जवाब युवाओं द्वारा इस तानाशाही सरकार को जरूर दिया जाएगा। इस दौरान लॉ एंड आर्डर को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

विरोध करने वालों में राहुल अधिकारी, अभिषेक पांडे, गौरव सतवाल, सूरज आर्य, दीपक साह, सुजल कुमार, चंदन जोशी, सागर प्रसाद, सागर रावत, सचिन जोशी समेत अन्य युवा मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.