22 YouTube चैनल को मोदी सरकार ने किया ब्लॉक, देश के खिलाफ गलत जानकारी देने का आरोप

नयी दिल्ली। देश के खिलाफ गलत जानकारी देने वाले 22 यूट्यूब चैनलों को मोदी सरकार ने ब्लॉक कर दिया है। इनमें चार पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी शामिल हैं। इसके अलावा 3 ट्विटर, एक फेसबुक अकाउंट और एक न्यूज वेबसाइट भी है। ये सारे अकाउंट्स भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी रिश्तों और सार्वजनिक आदेश को लेकर लोगों के बीच गलत जानकारी फैला रहे थे।

जनवरी में सरकार ने 35 YouTube चैनल्स को ब्लॉक किया था

इससे पहले जनवरी में मोदी सरकार ने 35 YouTube चैनल्स को ब्लॉक किया था। 20 जनवरी को मंत्रालय को मिली खुफिया सूचना के आधार पर 35 यूट्यूब चैनल, 2 ट्विटर अकाउंट, 2 इंस्टाग्राम अकाउंट, 2 वेबसाइट और एक फेसबुक अकाउंट को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए गए थे। ये सारे अकाउंट्स पाकिस्तान से संचालित होते थे और झूठे भारत विरोधी समाचार और अन्य सामग्री फैलाते थे।

पिछले साल दिसंबर में खुफिया एजेंसियों के साथ एक संयुक्त प्रयास में 20 यूट्यूब चैनल और दो वेबसाइट को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया था। ये चैनल्स भी भारत विरोधी दुष्प्रचार और फर्जी खबरें फैला रहे थे। तब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कहा था कि इन चैनल का इस्तेमाल “कश्मीर, भारतीय सेना, भारत में अल्पसंख्यक समुदायों, राम मंदिर, जनरल बिपिन रावत आदि” जैसे विषयों पर समन्वित तरीके से विभाजनकारी सामग्री पोस्ट करने के लिए किया जा रहा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.