After Header-1

ऋतु खंडूडी के सम्मान में आभार कार्यक्रम का आयोजन

देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष बनने की खुशी में देहरादून में धर्मपुर विधानसभा की महिलाओं तथा कार्यकर्ताओं ने ऋतु खंडूडी भूषण के सम्मान में आभार कार्यक्रम का आयोजन किया और श्रीमती भूषण का सम्मान किया।

इस दौरान महिलाओं ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ, मां नन्दा राजजात यात्रा का कलाकारों द्वारा सुंदर मंचन किया। इस अवसर पर, श्रीमती भूषण ने कहा कि मातृ शक्ति आज विभिन्न क्षेत्रों में तथा विभिन्न रूपों में देश का नेतृत्व कर रही है। आज विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं कीर्तिमान स्थापित कर रही है।

आजादी के आंदोलन से लेकर उत्तराखंड राज्य के आंदोलन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति के बिना मानव जाति की कल्पना करना असंभव है । श्रीमती भूषण ने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण तभी होगा, जब वे स्वयं को प्राप्त अधिकारों का लाभ उठा पाएं। साथ ही, आर्थिक रूप से सशक्त हों।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का मतलब उन्हें आर्थिक रुप से सशक्त करना है। वे आत्मनिर्भर हों। उन्हें सकारात्मक सोच के साथ किसी भी परिस्थिति का सामना करने लायक बनाया जाए और वे विकास की किसी भी गतिविधि में भाग लेने में सक्षम होनी चाहिए। इस अवसर पर महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, सांसद तीरथ रावत की धर्मपत्नी रश्मि रावत, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत की धर्मपत्नी दीपा रावत, कमली भट्ट अनुराधा वालिया, मंजू कौशिक, मुकेश राठौर, सुमन सिंह, पुष्पा बर्तवाल, अरुणा उनियाल, कंचना ठाकुर सहित कई अन्य महिलाएं मौजूद थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.