उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों होंगे सम्मानित :राज्यपाल

नैनीताल/पंतनगर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने कहा कि राजभवन आने वाले समय में उत्कृष्टता के क्षेत्र में नयी पहल करेगा और प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करेगा।

उधमसिंह नगर के दौरे पर आये राज्यपाल सिंह ने पंतनगर स्थित तराई भवन अतिथि गृह में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि उधमसिंह नगर जिले को भी आने वाले समय में देश और दुनिया को कृषि क्रांति एवं बीज क्रांति के क्षेत्र में नया संदेश देना होगा।

यहां से कृषि क्षेत्र में होने वाली अनुसंधान तथा तकनीकी का संदेश भी पूरी दुनिया में जाएगा। उधमसिंह नगर जिला प्राकृतिक खेती एवं आर्गेनिक फार्मिंग का केंद्र बन सकता है। जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि उधमसिंह नगर से कृषि क्षेत्र में नयी क्रांति को लेकर एक रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए। राजभवन जल्द ही इस क्षेत्र में यह पहल करेगा। राज्य की थारू तथा बुक्सा जनजाति के लोगों को मशरूम उत्पादन, पोल्ट्री, जैविक कृषि जैसे कार्यों से जोड़ा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपराधों पर नियंत्रण के लिए पुलिस को ‘प्रोएक्टिव, प्रि एक्टिव और प्रीवेंटिव’ अवधारणा पर काम करना होगा। उधमसिंह नगर पुलिस को उत्तर प्रदेश के पांच जिलों की पुलिस तथा प्रशासन से भी निरंतर समन्वय बनाना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक सशक्तिकरण, विकास तथा रिवर्स माइग्रेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सबसे अधिक भरोसा यहां की महिलाओं पर ही किया जा सकता है।

वास्तव में राज्य की महिलाओं के कंधों पर ही राज्य के विकास का उत्तरदायित्व है। राज्य की महिलाएं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांति कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.