After Header-1

कानपुर मेट्रो सेवा के पहले चरण का प्रधानमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन

लखनऊ । पूर्व प्रघानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 25 दिसंबर को जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री कानपुर मेट्रो सेवा के पहले चरण का उद्घाटन कर सकते हैं। दो साल के रिकार्ड समय में पहले चरण के लिये आईआईटी से मोतीझील के बीच तैयार नौ किमी लंबे मेट्रो रेल पथ का काम पूरा किया जा चुका है।

इस रूट पर पिछले महीने दस नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रायल रन को हरी झंडी दिखायी थी।यूपीएमआरसी के सूत्रों ने बताया कि मेट्रो रेल प्रशासन पहले कोरिडोर के इस ट्रैक पर यात्रियों के लिये मेट्रो रेल सेवा शुरू करने के लिये तैयार है। जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होने की संभावना है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुयी है।

सूत्रों ने बताया कि कानपुर में आईआईटी से मोतीझील के बीच निर्मित प्राथमिक सेक्शन पर वाणिज्यिक परिचालन का शुभारंभ होने जा रहा है। वहीं, आगरा में भी मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण तीव्र गति के साथ जारी है।

गोरखपुर मेट्रो लाइट परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को राज्य सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और इस पर केन्द्र की मुहर लगनी बाकी है। इसके अलावा मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी और झांसी के लिये भी डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होने बताया कि कानपुर में मेट्रो रेल के दोनो कोरिडोर की अनुमानित लागत 11076.48 करोड़ रुपए है जिसे 2024 तक पूरा होने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.