After Header-1

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान

नयी दिल्ली। मौसम विभाग ने ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश के लिए चक्रवाती तूफान की चेतावनी जारी की। बंगाल की खाड़ी के उत्तरपूर्वी और उससे जुड़े पूर्वी मध्य क्षेत्र में गहरे दबाव का क्षेत्र बनना है। गहरे दबाव का क्षेत्र गोपालपुर से 510 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व और आंध्र प्रदेश में कलिंगपत्तनम से 590 किलोमीटर पूर्व में शनिवार सुबह बना।

इसके अगले 12 घंटों में चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। यह 26 सितंबर की शाम तक कलिंगपत्तनम के आसपास विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटों की ओर बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इसके प्रभाव से शनिवार को ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।

रविवार को भी दक्षिण ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ओडिशा के उत्तरी अंदरुनी इलाकों, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी रविवार को भारी बारिश हो सकती है।

इसी तरह आईएमडी ने 27 सितंबर के लिए ओडिशा और तेलंगाना के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही तटीय पश्चिम बंगाल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

उसने बंगाल की खाड़ी के उत्तरपश्चिम और पश्चिम-मध्य क्षेत्र में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का भी अनुमान जताया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.