उत्तराखंड कांग्रेस पांच विभिन्न मुद्दों पर करेगी आंदोलन

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस पांच सूत्रीय मुद्दों पर राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ आगामी सात और 10 जुलाई को  प्रदर्शन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने एक वीडियो जारी कर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्नन किया है कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ हो रही दुष्कर्म की घटनाओं, किसानों की समस्याओं तथा हरिद्वार कुम्भ में हुए आरटीपीसीआर टेस्ट महा घोटाले के मुद्दे पर आगामी सात जुलाई को प्रदेश के सभी जिला और शहर मुख्यालयों में प्रदर्शन के साथ सरकार का पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि इसके बाद 10 जुलाई को इन्हीं मुद्दों पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में इन आंदोलनों में भागेदारी का आह्नन किया है। इस संबंध में प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत ने बताया कि भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई से जहां आम आदमी परेशान है वही प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाओं से भय व्याप्त है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है जिसकी बानगी हरिद्वार कुम्भ के दौरान हुए आरटीपीसीआर महा घोटाले के रूप में देखने को मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान कर्ज में डूब कर आत्महत्या को मजबूर है।

सारस्वत ने बताया कि इन कार्यक्रम में पार्टी के समस्त सांसद, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याक्षी 2019, समस्त विधायक, पूर्व विधायक, विधायक प्रत्याक्षी 2017, समस्त ए आई सी सी तथा पी सी सी सदस्य, समस्त प्रदेश पदाधिकारी, समस्त जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, प्रमुख, समस्त अनुशांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.