गुजरात की अदालत में पेश हुए राहुल गांधी, पूर्णेश मोदी ने दायर किया था मानहानि का मामला

नयी दिल्ली। मानहानि के एक मामले में कांग्रेस पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी आज गुजरात के सूरत शहर की एक अदालत में पेश हुए। गांधी चीफ जूडिशियल मैजिस्ट्रेट ए एन दवे की अदालत में पेश हुए और उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया। इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया था कि ‘अस्तित्व का पूरा रहस्य ही भयमुक्तता है।यह मामला सूरत के स्थानीय भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी ने दायर किया था।

आरोप है कि 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान गांधी ने कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी रैली में पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के आरोपी और भगोड़े व्यवसायी नीरव मोदी, आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना करते हुए कहा था कि ‘सभी मोदी चोर हैं’। ऐसा कर उन्होंने मोदी समुदाय की भावना को आहत किया और मानहानि की थी। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और 500 के तहत दर्ज की गयी थी।

गांधी पिछली बार 10 अक्टूबर 2019 को इस प्रकरण में अदालत में पेश हुए थे। श्री गांधी अदालत में पेशी के बाद नयी दिल्ली लौटने के लिए हवाई अड्डा रवाना हो गये। ज्ञातव्य है कि गुजरात में श्री गांधी के ख़लिाफ मानहानि के कुल तीन मामले दर्ज हैं। इनमे से दो अहमदाबाद में हैं। उन मामलों में उन्हें व्यक्तिगत पेशी से छूट और जमानत मिली हुई है। इनमे भी वह 11 अक्टूबर 2019 को अदालत में पेश हुए थे। इनमे से एक मामला अहमदाबाद महानगरपालिका के भाजपा के पार्षद कृष्णवदन ब्रह्मभट्ट ने दर्ज करायी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.