After Header-1

वेलोसिटी मात्र 47 रन पर ढेर

शारजाह:  वेलोसिटी की टीम महिला टी-20 चैलेंज में अपने दूसरे मैच में ट्रेल्ब्लेजर्स के खिलाफ गुरूवार को 15.1 ओवर में मात्र 47 रन पर ढेर हो गयी। वेलोसिटी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और यह फैसला उसके लिए घातक साबित हुआ। सोफी एक्लस्टोन की घातक गेंदबाजी के सामने वेलोसिटी की बल्लेबाज टिक नहीं सकीं। एक्लस्टोन ने मात्र नौ रन देकर चार विकेट झटक लिए। झूलन गोस्वामी ने 13 रन पर दो विकेट, राजेश्वरी गायकवाड ने 13 रन पर दो विकेट और दीप्ति शर्मा ने आठ रन पर एक विकेट लिया। वेलोसिटी की तरफ से युवा ओपनर शेफाली वर्मा ने नौ गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 13 रन बनाये। शिखा पांडेय ने 17 गेंदों में 10 रन और लेग केस्पेरेक ने 20 गेंदों में नाबाद 11 रन बनाये। वेलोसिटी ने 17 रन की अच्छी शुरुआत के बाद 10 रन जोड़कर सात विकेट गंवा दिए। उसके तीन विकेट तो 19 रन के स्कोर पर गिरे। कप्तान मिताली राज एक रन बना सकीं जबकि वेदा कृष्णामूर्ति का खाता नहीं खुला। कल के मैच में नाबाद 37 रन बनाकर प्लेयर आॅफ द मैच रही सुने लुस इस बार चार रन बनाकर आउट हो गयीं। कल 34 रन बनाने वाली सुषमा वर्मा एक रन बनाकर आउट हो गयीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.