नडाल तूफानी जीत के साथ चौथे दौर में

पेरिस। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच और 13 बार के चैंपियन तथा तीसरी सीड स्पेन के राफेल नडाल ने तूफानी जीत के साथ वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लेम फ्रेंच ओपन के चौथे दौर में जगह बना ली जबकि महिला वर्ग में पांचवीं सीड यूक्रेन की एलीना स्वीतोलिना को चेक गणराज्य की बारबोरा क्रेजिकोवा के हाथों हारकर बाहर होना पड़ा।

शीर्ष वरीयता प्राप्त जोकोविच ने शनिवार को लिथुआनिया के रिकार्डस बेरंकीस को टेनिस का पाठ पढ़ाते हुए एक घंटे 32 मिनट में 6-1, 6-4, 6-1 से करारी शिकस्त देकर चौथे दौर में स्थान बना लिया जहां उनका मुकाबला इटली के प्रतिभाशाली खिलाड़ी लोरेंजो मुसेटी से होगा जिन्होंने एक अन्य मुकाबले में हमवतन मार्को सेचिनाटो को तीन घंटे सात मिनट तक चले पांच सेटों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-6, 6-4, 6-3, 3-6, 6-3 से पराजित किया।

तीसरी सीड और क्ले कोर्ट के बेताज बादशाह नडाल ने ब्रिटेन के कैमरून नोरी को दो घंटे सात मिनट में 6-3, 6-3, 6-3 से पराजित कर चौथे दौर में स्थान बनाया जहां उनका मुकाबला इटली के जानिक सिनर से होगा।

सिनर ने तीसरे दौर में स्वीडन के युवा खिलाड़ी माइकल यमर को दो घंटे 22 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 7-5, 6-3 से हराया। पांचवीं सीड यूनानी खिलाड़ी स्टेफानोस सितसिपास की छह फुट 10 इंच लम्बे अमेरिका के जान इस्रर ने शुक्रवार रात हुए इस मुकाबले में कड़ी परीक्षा ली लेकिन स्तेफानोस 5-7, 6-3, 7-6(3), 6-1 से मुकाबला जीतने में कामयाब रहे। पिछले सत्र में सेमीफाइनल तक पहुंचे स्तेफानोस की मौजूदा सत्र में क्ले कोर्ट पर यह 19वीं जीत है और सत्र में उनकी यह ओवरआल 36वीं जीत है जो मौजूदा सत्र में संयुक्त रूप से सर्वाधिक है।

फेडेरिको डेलबोनिस ने भी 36 जीत हासिल की हैं। स्तेफानोस ने यह मुकाबला दो घंटे 38 मिनट में जीता। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब स्तेफानोस चौथे दौर में पहुंचे हैं और राउंड 16 में उनका मुकाबला 12वीं सीड स्पेन के पाब्लो कारेनो बुस्ता से होगा जिन्होंने स्टीव जॉनसन को 6-4, 6-4, 6-2 से पराजित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.