After Header-1

चक्रवात ‘अकवान’ का बंगाल में दिखेगा असर, 19 से 21 नवंबर तक कई जिलों में बारिश का अलर्ट

कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर पश्चिम बंगाल के मौसम पर दिखाई देने लगा है। बुधवार को राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन आगामी 19 से 21 नवंबर के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य हिस्से में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल गया है। यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर तक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और टुनी के बीच तट पर पहुंचने की संभावना है। हालांकि, तूफान के पश्चिम बंगाल के तट से सीधे टकराने का अनुमान नहीं है, लेकिन इसके प्रभाव से राज्य में नमी युक्त हवाएं पहुंचेंगी।

कोलकाता में आंशिक बादल, तापमान सामान्य

बुधवार को कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के जिलों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कोलकाता का अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और मालदा समेत अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

चक्रवात के अप्रत्यक्ष प्रभाव से 19 से 21 नवंबर के बीच कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

मौसम में बदलाव के साथ बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब होने तथा ऊंची लहरें उठने की आशंका है। इसे देखते हुए मछुआरों को गहरे समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। फिलहाल बुधवार को मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण बंगाल में बारिश और तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.