After Header-1

बालेन्द्र शाह के भारत दौरे में उठेगा चीन का मुद्दा, नेपाल मांगेगा 456 मेगावाट बिजली परियोजना को मंजूरी

काठमांडू। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के प्रस्तावित भारत दौरे में चीनी ठेकेदारों की भागीदारी वाली जलविद्युत परियोजनाओं से बिजली खरीद का मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है। नेपाल भारत से 456 मेगावाट क्षमता वाली अपर तामाकोशी परियोजना समेत अन्य जलविद्युत परियोजनाओं से उत्पादित बिजली के निर्यात की अनुमति देने की मांग करेगा। काठमांडू का तर्क है कि किसी परियोजना में चीनी कंपनी का ठेकेदार होना और उसका निवेशक होना अलग-अलग बातें हैं। ऐसे में केवल ठेकेदार की भागीदारी के आधार पर बिजली निर्यात नहीं रोका जाना चाहिए।

नेपाल लंबे समय से भारत को बिजली निर्यात बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, चीनी कंपनियों की भागीदारी वाली कई परियोजनाओं को भारतीय बाजार में बिजली बेचने की अनुमति नहीं मिल पाई है। इनमें अपर तामाकोशी परियोजना का मामला सबसे प्रमुख है।

इस परियोजना में चीनी कंपनी सिनो हाइड्रो ने सिविल निर्माण का काम किया था, जबकि हाइड्रोमैकेनिकल, इलेक्ट्रोमैकेनिकल और ट्रांसमिशन लाइन से जुड़े कार्य भारतीय कंपनियों ने पूरे किए थे। इसके बावजूद परियोजना से बिजली निर्यात की मंजूरी लंबित है।

भारत के नियमों का हवाला दे रहा नियामक

भारत के केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने वर्ष 2021 में सीमा पार बिजली आयात-निर्यात को लेकर कार्यविधि जारी की थी। इसके तहत भारतीय बाजार में बिजली बेचने के लिए प्रत्येक जलविद्युत परियोजना को अलग-अलग मंजूरी लेना अनिवार्य है। नियमों के अनुसार, ऐसे पड़ोसी तीसरे देशों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष निवेश अथवा नियंत्रण रखने वाली कंपनियों की परियोजनाओं से बिजली खरीद पर प्रतिबंध है, जिनके साथ भारत का बिजली सहयोग समझौता नहीं है।

नेपाल का कहना है कि इन प्रावधानों में चीनी ठेकेदारों द्वारा निर्मित परियोजनाओं से बिजली खरीदने पर स्पष्ट रोक नहीं है। इसके बावजूद ऐसी परियोजनाओं को मंजूरी नहीं मिल रही है।

कई परियोजनाओं की मंजूरी भी लंबित

नेपाल इससे पहले अपर भोटेकोशी, मर्स्यांगदी, कालीगंडकी-ए और मध्य मर्स्यांगदी जैसी परियोजनाओं से बिजली निर्यात की अनुमति मांग चुका है। अब प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान इस विषय पर बातचीत होने की संभावना है। नेपाल चाहता है कि भारत निवेश और निर्माण कार्य में ठेकेदारी की भूमिका के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए नेपाली बिजली के निर्यात का रास्ता खोले।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.