After Header-1

रजत मुकुट, मुंडमाल और रुद्राक्ष से सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में दिखा दिव्य स्वरूप

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के चार बजे बाबा महाकाल की भव्य भस्म आरती संपन्न हुई। कार्तिक शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। भस्म अर्पण के बाद बाबा को शेषनाग के आकार का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। भगवान के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

भस्म आरती की शुरुआत तड़के मंदिर के कपाट खुलने के साथ हुई। सबसे पहले पुजारियों ने वीरभद्रजी को प्रणाम कर स्वस्ति वाचन किया। इसके बाद चांदी के द्वार खोले गए और गर्भगृह में विराजित भगवान महाकाल सहित सभी देवी-देवताओं का पूजन किया गया। पुजारियों ने भगवान का पिछला श्रृंगार उतारकर जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। नंदी महाराज का भी विधि-विधान से स्नान और पूजन हुआ।

महानिर्वाणी अखाड़े ने अर्पित की पवित्र भस्म

परंपरा के अनुसार प्रथम घंटाल बजाकर भगवान को हरिओम का जल अर्पित किया गया। मंत्रोच्चार और कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढका गया। इसके बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को पवित्र भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के बाद बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। उन्हें शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला धारण कराई गई। सुगंधित फूलों की मालाओं से भी भगवान का अलंकरण किया गया।

जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

श्रृंगार के बाद भगवान महाकाल को फल, मेवे और मिठाइयों का भोग लगाया गया। भस्म आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। धार्मिक मान्यता के अनुसार भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल भक्तों को अपने दिव्य साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं। बाबा के मनोहारी दर्शन कर श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ अर्जित किया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.