After Header-1

इंदौर में आधी रात को बस डिपो में भड़की भीषण आग, देखते ही देखते जलकर खाक हुईं पांच बसें

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार देर रात एक चार्टर्ड बस डिपो में भीषण आग लगने से पांच बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसा एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित बस डिपो में रात करीब दो बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई बसें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना पर पहुंची दमकल टीमों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डिपो परिसर के पास पड़े कचरे के ढेर में रात के समय आग लगी थी। तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैल गईं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक पांच बसें धू-धू कर जलने लगीं। बसों से उठती ऊंची लपटों और धुएं के घने गुबार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल की टीमों ने दो घंटे में पाया काबू

आग लगने की जानकारी मिलते ही डिपो कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। डिपो में खड़ी अन्य बसों को भी आग की चपेट में आने का खतरा था। इसे देखते हुए कर्मचारियों की मदद से उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर करीब दो घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया।

जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी

हादसे के समय डिपो में आई-बस समेत चार्टर्ड कंपनी की कई बसें खड़ी थीं। आग की चपेट में आने से पांच बसें पूरी तरह जल गईं। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और आर्थिक नुकसान का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर कचरे के ढेर में लगी आग को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.