नई दिल्ली। समुद्र के खारे पानी को पीने योग्य बनाने के साथ अब उसी प्रक्रिया से गर्मी से राहत देने वाली ठंडी हवा भी प्राप्त की जा सकेगी। भारतीय वैज्ञानिकों ने सौर ऊर्जा से संचालित ऐसी तकनीक विकसित की है, जो एक ही प्रणाली से पेयजल और शीतलन की दोहरी जरूरत पूरी कर सकती है। खास बात यह है कि इस तकनीक को भारतीय पेटेंट भी मिल चुका है। इससे तटीय गांवों और द्वीपीय क्षेत्रों में पानी की किल्लत दूर करने की नई उम्मीद जगी है।
यह तकनीक बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस), पिलानी के हैदराबाद परिसर के शोधकर्ताओं ने विकसित की है। प्रयोगशाला परीक्षणों में इस प्रणाली ने 12.4 लीटर प्रति घंटे तक मीठे पानी का उत्पादन और 6.57 किलोवाट तक शीतलन क्षमता प्रदर्शित की है।
एक मशीन में दो सुविधाएं
आमतौर पर समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने और घरों या इमारतों को ठंडा रखने के लिए अलग-अलग उपकरणों की जरूरत पड़ती है। इससे ऊर्जा की खपत भी बढ़ती है। वैज्ञानिकों ने दोनों प्रक्रियाओं को एकीकृत कर इस समस्या का समाधान खोजने का प्रयास किया है।
शोध का नेतृत्व करने वाले मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर संदीप एस. देशमुख के अनुसार, यह प्रणाली सौर ऊर्जा से संचालित हो सकती है और उन दूरस्थ क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जहां बिजली और मीठे पानी की उपलब्धता सीमित है।
ऐसे तैयार होगा मीठा पानी
इस तकनीक में पहले हवा को गर्म करके खारे पानी से नमी ग्रहण कराई जाती है। इसके बाद नम हवा को ठंडा किया जाता है, जिससे जलवाष्प संघनित होकर पानी की बूंदों में बदल जाती है। इन्हें एकत्र कर मीठा पानी प्राप्त किया जाता है। इसी प्रक्रिया से निकलने वाली ठंडी और नमी रहित हवा का उपयोग शीतलन के लिए किया जा सकता है।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, प्रणाली में पांच अलग-अलग परिचालन विकल्प हैं, जिनसे मौसम और जरूरत के अनुसार पानी उत्पादन तथा शीतलन को नियंत्रित किया जा सकता है। परीक्षण में हवा का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।
30 पैसे प्रति लीटर तक लागत का अनुमान
शोधकर्ताओं ने प्रतिदिन करीब 200 लीटर मीठे पानी के उत्पादन के लक्ष्य के साथ इसका प्रोटोटाइप तैयार किया है। आर्थिक आकलन में पानी उत्पादन की न्यूनतम अनुमानित लागत 30 पैसे प्रति लीटर बताई गई है। हालांकि, बड़े स्तर पर व्यावसायिक उपयोग से पहले क्षेत्रीय परीक्षण और तकनीकी सुधार जरूरी होंगे।
इस अनुसंधान के निष्कर्ष अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘एप्लाइड थर्मल इंजीनियरिंग’ में प्रकाशित हुए हैं। अब वैज्ञानिक औद्योगिक सहयोग से इसे वास्तविक परिस्थितियों में विकसित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

