ज्योति पंत
देहरादून। उत्तराखंड में गैस उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी नहीं कराने का बड़ा झटका लगा है। प्रदेशभर में करीब 3.5 लाख गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। इनमें अकेले देहरादून के 1.15 लाख उपभोक्ता शामिल हैं। कनेक्शन ब्लॉक होने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग भी बंद हो गई है। ई-केवाईसी पूरी होने तक न तो सिलेंडर बुक कराया जा सकेगा और न ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक इंडेन गैस के करीब 2.5 लाख कनेक्शन ई-केवाईसी नहीं होने के कारण ब्लॉक हुए हैं। यह कुल उपभोक्ताओं का लगभग 10.6 प्रतिशत है। देहरादून में करीब 8.7 लाख गैस कनेक्शनों में से 1.15 लाख ब्लॉक किए गए हैं। यानी लगभग हर आठवां उपभोक्ता इससे प्रभावित है। ऊधमसिंह नगर में भी 4.99 लाख कनेक्शनों में से करीब 55 हजार कनेक्शन ब्लॉक हुए हैं।
देहरादून में पहले ब्लॉक कनेक्शनों की संख्या 1,00,104 थी। इसके बाद करीब पांच हजार उपभोक्ताओं ने ई-केवाईसी कराई, जिससे यह संख्या घटकर 95 हजार रह गई थी। हालांकि, अब फिर बढ़कर 1.15 लाख हो गई है।
अप्रैल से अनिवार्य की गई ई-केवाईसी
पेट्रोलियम मंत्रालय ने अप्रैल 2026 से गैस उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य की थी। इसका उद्देश्य फर्जी और डुप्लीकेट कनेक्शनों की पहचान करना, वास्तविक लाभार्थियों का सत्यापन करना और सब्सिडी के दुरुपयोग को रोकना है। इसके लिए पहले 30 सितंबर और फिर 31 अक्टूबर तक की समयसीमा निर्धारित की गई थी। इसके बाद सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक करने की कार्रवाई की गई।
तीन तरीकों से करा सकते हैं सत्यापन
इंडेन के डिवीजनल हेड स्वर्ण सिंह और जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। ई-केवाईसी पूरी होते ही कनेक्शन दोबारा चालू हो जाएगा। उपभोक्ता इंडियनऑयल वन, हेलो बीपीसीएल या एचपी पे ऐप के माध्यम से आधार फेस आरडी ऐप की मदद से घर बैठे फेस स्कैन कर सकते हैं। इसके अलावा गैस एजेंसी पर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है। तीसरा विकल्प गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले कर्मचारी की मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी कराना है।
इस बीच प्रदेश में पिछले सात महीने से नए गैस कनेक्शन जारी करने पर भी रोक लगी हुई है। करीब 8 से 10 हजार आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं। इन आवेदनों पर सत्यापन पूरा होने के बाद ही कनेक्शन जारी किए जाएंगे।

