After Header-1

पांच दिन, पांच चिताएं और पांच बार रोई इंसानियत, जब अपनों ने छोड़ा तो शालू सैनी बनीं सहारा

इमरान देशभक्त

रुड़की। दुनिया में जन्म लेने वाला हर इंसान किसी न किसी रिश्ते से जुड़ा होता है। कोई किसी का बेटा होता है तो कोई बेटी, कोई मां तो कोई पिता। लेकिन जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द तब सामने आता है, जब मौत के बाद भी किसी को अंतिम विदाई देने वाला अपना कोई नहीं होता। अंतिम सांसें थम जाती हैं, जीवन का सफर खत्म हो जाता है, लेकिन चार कंधे और अंतिम संस्कार के लिए हाथ तक नसीब नहीं होते। ऐसे ही बेसहारा और बेनाम लोगों के लिए मुजफ्फरनगर की क्रांतिकारी शालू सैनी उम्मीद की किरण बनकर सामने आई हैं। लोग उन्हें ‘लावारिसों की वारिस’ के नाम से जानते हैं।

पिछले पांच दिनों में जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पांच मृतकों के संबंध में सूचना मिली। पांच अलग-अलग मौतें, पांच अनजान चेहरे और पांच अंतिम यात्राएं। इन सभी के अंतिम सफर में अपनों की जगह शालू सैनी मौजूद रहीं। सूचना मिलते ही उन्होंने पांचों मृतकों के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी संभाली और उनके धर्म के अनुरूप पूरे विधि-विधान तथा धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उन्हें अंतिम विदाई दिलाई।

ये पांच अंतिम संस्कार केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि समाज के सामने खड़ा एक बड़ा सवाल हैं। जिन लोगों के जीवन में कभी परिवार, रिश्ते और अपने रहे होंगे, उनके अंतिम समय में कोई साथ देने वाला क्यों नहीं था? जब दुनिया ने उनसे मुंह मोड़ लिया, तब शालू सैनी ने उन्हें पराया नहीं समझा। उन्होंने साबित किया कि इंसानियत का रिश्ता खून के रिश्तों से भी बड़ा हो सकता है।

कोरोना काल में शुरू हुआ सेवा का सफर

शालू सैनी का यह सेवा अभियान कोरोना महामारी के भयावह दौर में शुरू हुआ था। उस समय जब संक्रमण के डर से लोग अपनों के शवों के पास जाने से भी घबरा रहे थे, तब उन्होंने लावारिस और बेसहारा मृतकों को सम्मानजनक अंतिम विदाई देने का संकल्प लिया। उनका यह प्रयास धीरे-धीरे मानवता की मिसाल बन गया। कोरोना काल से लेकर अब तक वह छह हजार से अधिक लावारिस और बेसहारा शवों का अंतिम संस्कार करा चुकी हैं।

मृत्यु के बाद भी नहीं भूलतीं बेनाम आत्माओं को

शालू सैनी का सेवा भाव केवल अंतिम संस्कार तक सीमित नहीं है। पितृपक्ष और श्राद्ध के अवसर पर भी वह उन दिवंगत आत्माओं को याद करती हैं, जिन्हें शायद उनके अपने भी याद नहीं करते। जिनकी अस्थियों और स्मृतियों को संजोने वाला कोई नहीं होता, उनकी आत्मिक शांति के लिए वह हवन-यज्ञ, पिंडदान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी विधि-विधान से कराती हैं।

उनका यह प्रयास समाज को सोचने पर मजबूर करता है कि क्या किसी इंसान की अंतिम विदाई भी परिवार, पहचान और रिश्तों की मोहताज होनी चाहिए?

शालू सैनी कभी किसी की बेटी बनती हैं तो कभी किसी का बेटा। जिनके पास अंतिम समय में कोई अपना नहीं होता, उनके लिए वह पूरा परिवार बन जाती हैं। पांच दिनों में पांच चिताओं को सम्मानपूर्वक विदाई देने का उनका यह कार्य बताता है कि संवेदना और सेवा का रिश्ता आज भी जीवित है।

सचमुच, जब कोई अनजान व्यक्ति भी किसी की पीड़ा को अपना समझकर आगे आता है, तभी इंसानियत का वास्तविक अर्थ सामने आता है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.