After Header-1

युवाओं को राज्यपाल की नसीहत, बोले- हर प्रयास और उपलब्धि राष्ट्रहित से जुड़ी हो

देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने और अपनी प्रतिभा का उपयोग देश एवं समाज के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिज्ञासा, ज्ञान प्राप्त करने की ललक, भविष्य के प्रति उम्मीदें और समाज के लिए कुछ कर गुजरने का संकल्प ही देश की अमृत पीढ़ी की सबसे बड़ी ताकत है।

राज्यपाल शुक्रवार को लोक भवन प्रेक्षागृह में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारी राष्ट्रीय चेतना का मूल मंत्र राष्ट्र प्रथम होना चाहिए। इसका अर्थ परिवार और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों की अनदेखी करना नहीं, बल्कि अपने प्रत्येक प्रयास और उपलब्धि को राष्ट्रहित से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी का पूरी निष्ठा से अध्ययन करना, वैज्ञानिक का अनुसंधान, सैनिक का सीमाओं की रक्षा करना, चिकित्सक की सेवा और उद्यमी द्वारा रोजगार के अवसर पैदा करना, ये सभी राष्ट्रसेवा के अलग-अलग स्वरूप हैं। प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करके राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकता है।

राज्यपाल ने युवाओं को जीवन में सत्यनिष्ठा, अनुशासन, परिश्रम, विनम्रता, संवेदनशीलता और आत्मसंयम जैसे गुण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यही गुण किसी व्यक्ति को वास्तविक अर्थों में श्रेष्ठ बनाते हैं और उसे समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना सभी का दायित्व

राज्यपाल ने युवाओं से नागरिक उत्तरदायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्ति और सुविधाएं समाज की सामूहिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छता को केवल किसी सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें युवा

राज्यपाल ने कहा कि सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, संयमित और ऊर्जावान होना जरूरी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा नशे से दूर रखते हुए सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए। उन्होंने योग, खेल, व्यायाम, ध्यान, साहित्य और अच्छी संगति को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि युवाओं का शरीर, उनकी ऊर्जा और प्रतिभा राष्ट्र की अमानत हैं। इनका सही दिशा में उपयोग करके ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.