After Header-1

कुंभ 2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने मंजूर किए 78.18 करोड़ रुपये

देहरादून। कुंभ मेला 2027 के सफल और व्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों पर जोर बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण, सुधारीकरण, पेयजल आपूर्ति और अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस धनराशि से हरिद्वार में कुंभ क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में मरचूला-स्याल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 16 तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छाछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के सुधारीकरण पर 9.86 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

कुंभ क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत

कुंभ मेला 2027 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए हरिद्वार के बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टरों में अस्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित करने के लिए 3.68 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत अस्थायी पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक, जल संयोजन और वाटर फिल्टर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही इन व्यवस्थाओं के रखरखाव का कार्य भी किया जाएगा।

म्यूजिकल फाउंटेन और सौंदर्यीकरण से संवरेगा हरिद्वार

कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार को आकर्षक स्वरूप देने के लिए वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो के साथ म्यूजिकल फाउंटेन की डिजाइनिंग, आपूर्ति, स्थापना और कमीशनिंग के लिए 4.43 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए 3.43 करोड़ रुपये तथा शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग को मशीनों, उपकरणों, साज-सज्जा और संयंत्रों की खरीद के संबंध में भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

सरकार की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने के साथ हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के आयोजन के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.