After Header-1

उत्तराखण्ड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख वोटरों के नाम शामिल; 11 दिसंबर तक मौका

देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान शुरू हो गया है। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को कर दिया गया। इस सूची में प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में इनकी कुल संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 नाम हटाने संबंधी आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

11 दिसंबर तक नाम जुड़वाने का मौका

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इच्छुक व्यक्ति अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा ईसीआई नेट ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालयों और बीएलओ के माध्यम से भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है।

4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

निर्वाचन विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इनके निस्तारण और सुनवाई की प्रक्रिया 28 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

गौरतलब है कि 3 अक्टूबर 2026 को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश के 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.