After Header-1

30 प्रवासियों ने गोद लिए पैतृक गांव, सीएम धामी ने की पहल की सराहना

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और पैतृक जड़ों से जुड़े रहने के साथ प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि के प्रति भावनात्मक जुड़ाव राज्य की बड़ी ताकत है। प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का लाभ उत्तराखण्ड के विकास को मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन का माहौल ऐसा प्रतीत हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक साथ एकत्र हुए हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी प्रतिभा, मेहनत और उपलब्धियों के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उनकी सफलता और अनुभव राज्य के लिए महत्वपूर्ण पूंजी हैं। उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी उत्तराखण्डियों को भी अपने गांवों के विकास और स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलेगी।

विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य के बजट और प्रति व्यक्ति आय में महत्वपूर्ण वृद्धि हुई है। आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने और राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.