इस अवसर पर श्री मज्जिनेंद्र 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भी भव्य शुभारंभ किया गया। प्रवचन के बाद जैन समाज के अध्यक्ष विनोद जैन ने ध्वजारोहण कर धार्मिक आयोजन की विधिवत शुरुआत की।
मंगल घटयात्रा से शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:15 बजे मंगल घटयात्रा के साथ हुआ। इसके बाद सुबह 7 बजे नित्य अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण कल्याणक पूजन और निर्वाण लाडू अर्पण की धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। पंडाल शुद्धि, सकलीकरण, इंद्र प्रतिष्ठा, मंडप प्रतिष्ठा और पात्र चयन सहित विभिन्न अनुष्ठान भी विधि-विधान से कराए गए। इस दौरान चातुर्मास निष्ठापन एवं कलश वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
सकल दिगंबर जैन समाज विद्या समय पूर्ण वर्षा योग समिति के अंतर्गत विधान के पुण्यार्जक परिवारों में श्री जनेश्वर जैन एवं श्री अंकित जैन शामिल रहे। प्रथम शांतिधारा का सौभाग्य नीतिश जैन एवं जय चंद जैन ज्वेलर्स को मिला। मुख्य निर्वाण लाडू समर्पण संदीप जैन एवं अतिशय जैन (जैना होम डेकोर) परिवार ने किया, जबकि द्वितीय लाडू अर्पित करने का सौभाग्य राजीव जैन (फोम हाउस) परिवार को प्राप्त हुआ।
भगवान महावीर के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश
इस अवसर पर आर्यिकारत्न श्री 105 पूर्णमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में भगवान महावीर स्वामी के जीवन, त्याग, तपस्या, साधना और मोक्ष कल्याणक के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
माताजी ने श्रद्धालुओं को अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आत्मकल्याण और मानवता की सेवा से ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान महावीर के निर्वाण उत्सव को भक्तिभाव के साथ मनाया।

