After Header-1

18 से 20 दिसंबर तक हो सकता है टिहरी लेक फेस्टिवल, इस बार जुड़ेंगे कई नए रोमांचक आकर्षण

टिहरी। आगामी टिहरी लेक फेस्टिवल को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला कार्यालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित बैठक में फेस्टिवल की संभावित तिथियों 18, 19 और 20 दिसंबर पर चर्चा की गई। बैठक में स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं, महिला सहभागिता और साहसिक पर्यटन को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

बैठक में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत ने फेस्टिवल का उद्घाटन और समापन समारोह टिहरी मुख्यालय में आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को पर्याप्त मंच देने की भी बात कही।

घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के वादकों की प्रतियोगिता आयोजित करने तथा स्थानीय कलाकारों, महिलाओं और पारंपरिक परिधानों को विशेष स्थान देने का सुझाव दिया। नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सोबनी धनौला ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, जबकि प्रमुख प्रतापनगर मनीषा पंवार ने महिलाओं को विशेष अवसर देने पर जोर दिया। प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खंडेवाल ने काष्ठ कला और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने की बात रखी।

फेस्टिवल के दौरान मास्टर शेफ, फैशन शो, सोशल मीडिया रील, रैप, कैरिअप्पा फुटबॉल टूर्नामेंट, पेंटिंग प्रतियोगिता, गंगा आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड फेस्टिवल आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इस बार एक्रो शो को नए आकर्षण के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, कैंपिंग, मैराथन और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां भी होंगी।

फेस्टिवल का विस्तार विधानसभा क्षेत्रों तक करने की योजना है। घनसाली में मासरताल ट्रेक और मैराथन, धनोल्टी में एमटीबी राइड और नागटिब्बा ट्रैकिंग, प्रतापनगर में पीढ़ी पर्वत ट्रैकिंग और एस्ट्रोनॉमी, देवप्रयाग में गंगा आरती, संगम पर योग और रॉक क्लाइंबिंग तथा नरेंद्रनगर में बर्ड वॉचिंग और ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां प्रस्तावित की गई हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.