After Header-1

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर पैठाणी में मंथन, विशेषज्ञों ने बताया आत्मनिर्भर शिक्षा का रास्ता

पैठाणी (पौड़ी गढ़वाल)। राठ महाविद्यालय पैठाणी के शिक्षक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित आईसीएसएसआर (एनआरसी) प्रायोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का मंगलवार को समापन हो गया। संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप समावेशी, कौशल आधारित और आत्मनिर्भर शिक्षा व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

संगोष्ठी का मुख्य विषय ‘आत्मनिर्भर शिक्षा : राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत समावेशी एवं कौशल आधारित शैक्षिक रूपरेखा निर्माण करने हेतु भारतीय ज्ञान परंपरा का उपयोग’ रहा। दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। अतिथियों को पुष्पगुच्छ, बैज और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रथम सत्र का संचालन डॉ. राजीव दुबे ने किया।

पहले सत्र में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश मैखुरी ने विषय विशेषज्ञ के रूप में व्याख्यान दिया। उन्होंने शिक्षा के विभिन्न आयामों और निर्धारित विषय के शैक्षणिक पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा के महत्व और शिक्षा के व्यापक उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

दोपहर के भोजनावकाश के बाद दूसरे सत्र का आयोजन किया गया। इसका संचालन राम सिंह नेगी ने किया। सत्र में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आलोक सागर गौतम ने विषय विशेषज्ञ के रूप में व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने निर्धारित विषय से जुड़े शैक्षणिक पक्षों पर विचार रखे।

संगोष्ठी के समन्वयक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, विषय विशेषज्ञों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में राठ महाविद्यालय पैठाणी के प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार नेगी ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। उन्होंने संगोष्ठी के आयोजन को शैक्षणिक विमर्श और ज्ञान के आदान-प्रदान की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

दो दिवसीय आयोजन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा को अधिक समावेशी, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.