After Header-1

उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 195 शोध-पत्रों पर मंथन, देश-विदेश के विशेषज्ञ जुटे

देहरादून। उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स (एसएलए) की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का सोमवार को समापन हो गया। स्वामी विवेकानंद सभागार में 2 और 3 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन का विषय ‘बियॉन्ड डिसिप्लिनरी बाउंड्रीज़ : इमर्जिंग पर्सपेक्टिव्स इन ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, मास मीडिया एंड टेक्नोलॉजी’ रहा। हाइब्रिड माध्यम से आयोजित सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, मीडिया विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।

सम्मेलन में कुल 195 शोध-पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 152 शोध-पत्र ऑफलाइन और 43 ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए गए। इसके लिए ऑफलाइन प्रस्तुतियों हेतु सात कक्ष और ऑनलाइन प्रस्तुतियों के लिए तीन लिंक की व्यवस्था की गई थी।

पहले दिन उद्घाटन सत्र में स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) कार्तिकेय, प्रति-कुलपति प्रो. (डॉ.) राजेश बहुगुणा और कुलपति प्रो. (डॉ.) धर्म बुद्धि ने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध के प्रति प्रोत्साहित करते हुए मजबूत और स्थायी शैक्षणिक नेटवर्क विकसित करने का आह्वान किया।

सम्मेलन के पहले दिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आस्था और सार्वजनिक विमर्श जैसे समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। इसमें प्रो. (डॉ.) राघव मेहरा का व्याख्यान, प्रो. (डॉ.) प्रकाश जोशी, डॉ. पवन शर्मा और शिवानी तिवारी की पैनल चर्चा तथा प्रो. (डॉ.) विभा शर्मा का विशेष सत्र आयोजित किया गया।

दूसरे दिन छह अलग-अलग ट्रैकों में शोध-पत्र प्रस्तुत किए गए। दक्षिण अफ्रीका के कैमरन हॉग और मलेशिया की दातिन डॉ. सिंथिया योलांडा डॉस ने ऑनलाइन माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सत्र में सहभागिता की। साहित्य, मनोविज्ञान और राजनीति विषयों पर आयोजित गोलमेज चर्चा में प्रो. (डॉ.) डीआर पुरोहित, प्रो. (डॉ.) प्रकाश जोशी, प्रो. (डॉ.) मौसम सिन्हा और डॉ. ज्वलंत भावसार ने विचार साझा किए।

एबीपी नेटवर्क के डिफेंस एडिटर नीरज राजपूत ने आधुनिक पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी नैतिक जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला।

समापन सत्र में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉईज के अध्यक्ष बीएन तिवारी विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और चार श्रेणियों में उत्कृष्ट शोध-पत्र प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.