After Header-1

अमेठी में खस्ता खाने से 102 लोग बीमार, 17 की बिगड़ी हालत

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मेले के दौरान खस्ता खाने के बाद बच्चों और वयस्कों समेत 102 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरीजों की जांच की और उन्हें दवाएं वितरित कीं। गंभीर लक्षणों और दवा से पर्याप्त राहत नहीं मिलने पर 17 लोगों को मेडिकल कॉलेज तिलोई भेजा गया।

यह मामला अमेठी की तिलोई तहसील क्षेत्र के कोटवा ग्राम सभा का है। यहां आयोजित मेले में खस्ता खाने के बाद कई लोगों को अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ गई। इसके बाद ग्राम प्रधान ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी, जिसके बाद चिकित्सा टीम तत्काल गांव पहुंची और उपचार शुरू किया।

102 लोगों की हुई जांच

अमेठी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अंशुमान सिंह ने गुरुवार को बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में कुल 102 लोगों का परीक्षण किया। इनमें 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। सभी को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। सीएमओ ने स्वयं भी गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि उल्टी की शिकायत अधिक होने और दवा से पर्याप्त राहत नहीं मिलने के कारण 17 लोगों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर किया गया। इनमें 10 बच्चे और सात वयस्क शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है और उनकी निगरानी की जा रही है।

घर-घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव में घर-घर जाकर दवाएं वितरित कीं। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षित भोजन करने और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग की टीम बीमार लोगों पर नजर रख रही है, ताकि किसी की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। घटना के बाद खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और सुरक्षित खानपान को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत पर जोर दिया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.