After Header-1

कैच छूटते ही शेफाली वर्मा ने कर दी ऐसी हरकत, ICC ने सुनाई सजा

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाज शेफाली वर्मा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आधिकारिक फटकार लगाई गई है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है। यह घटना रविवार को खेले गए मुकाबले के दौरान हुई।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अनुसार, शेफाली को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरणों, कपड़ों, मैदान के उपकरणों या अन्य सुविधाओं के दुरुपयोग से संबंधित है।

कैच छूटने के बाद गेंद जमीन पर पटकी

यह घटना जिम्बाब्वे की पारी के 12वें ओवर में हुई। भारतीय गेंदबाज श्री चरणी की गेंद पर शेफाली वर्मा ने मिड-ऑफ पर चिपो मुगेरी-तिरिपानो का कैच छोड़ दिया। कैच छूटने से निराश शेफाली ने गेंद को जमीन पर पटक दिया। उनकी इस हरकत को आईसीसी ने आचार संहिता का उल्लंघन माना।

गलती स्वीकार करने पर नहीं हुई सुनवाई

शेफाली ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल की सदस्य जीएस लक्ष्मी द्वारा प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसी कारण मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन है।

मैदान पर मौजूद अंपायर वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन, तीसरे अंपायर अन्ना हैरिस तथा चौथी अंपायर जननी नारायणन ने शेफाली के खिलाफ आरोप लगाए थे।

क्या है ICC का नियम?

आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन पर आधिकारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस के अधिकतम 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा उल्लंघन की प्रकृति के आधार पर एक या दो डिमेरिट अंक भी दिए जा सकते हैं।

शेफाली के मामले में फिलहाल आधिकारिक फटकार और एक डिमेरिट अंक की कार्रवाई की गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.