After Header-1

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: एक आरोपी पहले जा चुका जेल, दूसरा नाबालिग; परिवार भी हैरान

मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि सामने आने के बाद कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। दोनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी पारिवारिक परिस्थितियां और जिंदगी की कहानी अलग-अलग है। एक आरोपी नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था और अवैध हथियार रखने के मामले में जेल भी जा चुका है। वहीं, दूसरा आरोपी नाबालिग है और उसके पिता उसे पत्थर व टाइल्स लगाने का काम सिखा रहे थे।

नौवीं में फेल होने के बाद छोड़ दी थी पढ़ाई

मामले में गिरफ्तार रेहान सोनीपत के देवरू गांव का रहने वाला है। परिवार के मुताबिक, नौवीं कक्षा में फेल होने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और काम की तलाश में जुट गया था। परिजनों ने बताया कि रेहान पहले अवैध हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका है।

परिवार ने उसे गलत रास्ते से दूर रहने और मेहनत-मजदूरी करके जिंदगी संवारने की सलाह दी थी। जेल से बाहर आने के बाद वह वेल्डिंग का काम करने लगा था। उसकी मौसी अफसाना के मुताबिक, परिवार को यही जानकारी थी कि वह काम पर जाता है।

रेहान अपनी मां समसिदा और छोटे भाई के साथ गांव में अपने मामा के घर रहता था। उसकी मां एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। परिजनों के अनुसार, रेहान करीब 12 साल पहले अपने पिता से अलग हो गया था। बकरीद पर घर आने के बाद वह काम पर जाने की बात कहकर निकला था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि उसका नाम इतने गंभीर मामले में सामने आएगा।

दूसरा आरोपी नाबालिग, पिता करते हैं मजदूरी

इस मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी भी सोनीपत का रहने वाला है और नाबालिग बताया गया है। उसके पिता के अनुसार, बेटा गोहाना में पत्थर और टाइल्स लगाने का काम सीख रहा था। वह 13 तारीख को घर आया था, लेकिन इसके बाद कहां चला गया, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।

नाबालिग के पिता दिव्यांग हैं और ईंट तोड़कर मजदूरी करते हैं। इसी से परिवार का गुजारा चलता है। बेटे का नाम फायरिंग जैसे गंभीर मामले में सामने आने से परिवार सदमे में है। पिता ने आशंका जताई कि कहीं उसे बहला-फुसलाकर इस मामले में तो शामिल नहीं किया गया।

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी ने उनके परिवारों को हैरान कर दिया है। मामले में उनकी भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.