गुवाहाटी। असम में दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। दरंग और तिनसुकिया जिलों में देर रात हुए हादसों में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।
मंगलदोई में कार और ट्रेलर की टक्कर, तीन की मौत
दरंग जिले के मुख्यालय मंगलदोई में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर देर रात एक कार और ट्रेलर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि कार सवार युवक दुर्गा पूजा देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार (एएस-01डीएम-7873) की ट्रेलर ट्रक (एमके-46एएफ-7002) से भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि अंकुज दास और प्रतीम दास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मिथुन साहू ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
तिनसुकिया में बाइक और वाहन की आमने-सामने टक्कर
दूसरा हादसा तिनसुकिया जिले के जागुन क्षेत्र में दस माइल के पास विष्णु मंदिर के निकट हुआ। यहां दुर्गा पूजा समारोह के दौरान देर रात एक बाइक की सुजुकी एक्सप्रेस गाड़ी से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर में अबार गांव निवासी अविनाश थापा (21) और साहिल राय (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल एक अन्य युवक की हालत गंभीर बताई गई है। बेहतर उपचार के लिए उसे डिब्रूगढ़ रेफर किया गया है।
दो हादसों से पसरा मातम
दुर्गा पूजा के दौरान हुए इन दोनों हादसों ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। पांच युवकों की असमय मौत से उनके परिजनों और परिचितों में दुख है। हादसों के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
