After Header-1

मणिपुर में फिर भड़की हिंसा: नेपाली दंपति पर फायरिंग, कुकी समुदाय के 15 घर जलाए

इंफाल। मणिपुर में हिंसा की घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। कामजोंग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-202 पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने नेपाली मूल के एक दंपति पर गोलीबारी कर दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। वहीं, इससे एक दिन पहले चस्साद गांव में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में एक कुकी नागरिक की मौत हो गई थी और चार अन्य लोग घायल हुए थे। इसके बाद गांव में कुकी समुदाय के कम से कम 15 घरों को आग के हवाले कर दिया गया। हिंसा के चलते कई परिवारों को घर छोड़कर जंगलों और सेना के शिविर में शरण लेनी पड़ी।

पुलिस के अनुसार, घायल दंपति की पहचान कांगपोकपी जिले के चरहाजारे निवासी संदीप दहाल (35) और उनकी पत्नी बेपनाह दहाल (29) के रूप में हुई है। दोनों रविवार सुबह अपनी मारुति सुजुकी बलेनो कार से यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 11:45 बजे महादेव और गुवालताबी गांवों के बीच इम्फाल-नगालैंड मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं।

गोलीबारी में दंपति के घुटनों के नीचे चोटें आईं। दोनों को नजदीकी सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उनकी चोटें मामूली बताई गई हैं।

इससे पहले शनिवार दोपहर चस्साद गांव में हुए हमले में कुकी नागरिक सेइखोहाओ हाओकिप की मौत हो गई थी। गांव के नेताओं समेत चार अन्य लोग घायल हुए थे। शनिवार देर रात हुई अलग-अलग घटनाओं में गांव के करीब 15 घर जला दिए गए। इसके बाद प्रभावित परिवारों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।

सुरक्षा बल तैनात, सरकार ने दिए सख्त निर्देश

हिंसा प्रभावित क्षेत्र में हालात नियंत्रित करने के लिए असम राइफल्स, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और कामजोंग पुलिस की संयुक्त टुकड़ी तैनात की गई है।

मणिपुर की उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने हिंसा की निंदा करते हुए हाओकिप की मौत पर दुख जताया। उन्होंने घायल ग्रामीण नेताओं और विस्थापित परिवारों के प्रति चिंता व्यक्त की। घरों को जलाने की घटना को असहनीय अपराध बताते हुए उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बलों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की बात कही।

इस बीच, राज्य सरकार ने कामजोंग के पुलिस अधीक्षक थोलू रॉकी का तबादला मणिपुर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सहायक निदेशक के पद पर कर दिया है। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी जय बरांगे को तत्काल प्रभाव से कामजोंग का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.