After Header-1

राजपुर में 26 लाख के विकास कार्यों की सौगात, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया लोकार्पण

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या-4 राजपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विधायक निधि से निर्मित दो विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इन कार्यों पर कुल 26.23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें काठबंगला भाग-2 में सामुदायिक भवन और ढाकपट्टी में सड़क निर्माण शामिल है। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन और आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन की जरूरतों के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास योजनाओं को आगे भी जारी रखा जाएगा।

राजपुर के काठबंगला भाग-2 में 13.23 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है। इस भवन के बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे क्षेत्र के लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी।

वहीं, वार्ड संख्या-4 के ढाकपट्टी में करीब 13 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है। सड़क बनने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाना है। सरकार और जनप्रतिनिधियों का प्रयास है कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में पार्षद महिमा पुंडीर, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, पूर्व प्रधान समीर पुंडीर, मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, मोहित अग्रवाल, सुधीर पुंडीर, रामसेवक यादव, भरत सिंह नेगी, भानु प्रकाश, अजीत सिंह, अंकुल, अजय राणा, योगेश योगी और मनोज उनियाल सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.