After Header-1

उत्तराखंड के मेधावी छात्रों को मिलेगा बड़ा मौका, नवंबर में शैक्षिक भ्रमण पर भेजेगी सरकार

 देहरादून। उत्तराखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं को जल्द ही अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण पर भेजा जाएगा। इसके लिए विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को नवंबर माह में भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने और इसकी रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल की धनराशि भी एक माह के भीतर डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजने को कहा गया है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।

मंत्री ने निर्देश दिए कि अंतरराज्यीय शैक्षिक भ्रमण के लिए निदेशालय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। यह अधिकारी सभी जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संचालित करेगा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्रों, खेल प्रशिक्षण संस्थानों, प्रौद्योगिकी संस्थानों, सांस्कृतिक एवं विरासत स्थलों के साथ संगीत और कला अकादमियों का भ्रमण कराया जाएगा।

इसके अलावा प्रदेश के भीतर आईआईटी रुड़की, एनआईटी, आईआईएम काशीपुर, एफआरआई देहरादून, आईएएस प्रशिक्षण अकादमी मसूरी और जिम कॉर्बेट पार्क जैसे प्रमुख संस्थानों एवं स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।

डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल ड्रेस, बैग, जूते और साइकिल के लिए मिलने वाली धनराशि एक माह के भीतर डीबीटी के जरिए खातों में पहुंचाई जाए। साथ ही निःशुल्क टैबलेट सहित विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं की धनराशि में वृद्धि के प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।

शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी पदों पर भर्ती, अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन एवं प्रांतीयकरण और सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने के विषय पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पीएम-श्री और समग्र शिक्षा योजना के तहत तैयार स्मार्ट क्लास, खेल परिसर और छात्रावास जैसी परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण करने तथा एससीईआरटी और डायट के नए ढांचे से जुड़े प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.